जयपुर।
जयपुर पश्चिम के भांकरोटा थाना पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 किलो 450 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि BR01 PT4734 नंबर की स्लीपर बस अजमेर की तरफ से जयपुर आ रही है। बस में सवार दो संदिग्ध युवकों के पास बड़े बैग हैं, जिनमें मादक पदार्थ होने की आशंका है।
सूचना के बाद भांकरोटा थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और थाना परिसर के सामने हाईवे पर बैरिकेडिंग कर बस को रुकवाया। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 किलो 450 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश कोली, उम्र 21 वर्ष, निवासी नौगांवा, जिला अलवर और वीरू राजपूत, उम्र 25 वर्ष, निवासी अलावलपुर, तहसील नौगांवा, जिला अलवर के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई जयपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण आईपीएस के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के निकट सुपरविजन में तथा एसीपी धर्मेंद्र कुमार शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी दीपक त्यागी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।





