लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
सरायरंजन। उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रसलपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक मनीष चन्द्र प्रसाद ने की, जबकि संचालन संगीत शिक्षक प्रियरंजन झा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी एवं शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाध्यापक मनीष चन्द्र प्रसाद ने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों के विचारों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सत्य बोलना, अनुशासन का पालन, स्वच्छता अपनाना, श्रम का सम्मान, प्रकृति की रक्षा और देश के प्रति कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। संगीत शिक्षक प्रियरंजन झा ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन-मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया।
मौके पर प्रमोद कुमार सहनी, नीरज कुमार, ललित कुमार, असगर अली, गुड़िया कुमारी, कोमल कुमारी, राबिया बुशरा, राहिला नाज़, ज्योति भारती एवं विद्यालय सहायक चन्द्रमणी कुमार सूर्येश सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।







