Home / News / 288 किसानों के बीच 24.80 लाख रुपये का बोनस वितरित

288 किसानों के बीच 24.80 लाख रुपये का बोनस वितरित

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर/विभूतिपुर। प्रखंड क्षेत्र के बन्हैती दूध उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड में वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2024-25 तक का दसवां बोनस वितरण समारोह आयोजित किया गया। समिति के अध्यक्ष श्याम किशोर कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का संचालन पीएन झा ने किया। समिति के सचिव महेश प्रसाद सिंह ने अतिथियों का चादर, फूलमाला एवं पाग से स्वागत किया। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह में समिति से जुड़े 288 किसानों के बीच कुल 24 लाख 80 हजार 236 रुपये 64 पैसे बोनस के रूप में वितरित किए गए। बोनस प्राप्त करने के बाद किसानों में खुशी देखी गई। किसान प्रमोद कुमार को सर्वाधिक 54,969 रुपये का प्रथम बोनस मिला।

समारोह को संबोधित करते हुए मिथिला मिल्क यूनियन के एमडी रविंद्र कुमार झा ने कहा कि सचिव एवं किसानों के सहयोग से दूध संग्रहण क्षमता ढाई लाख लीटर से बढ़कर करीब पांच लाख लीटर तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि किसानों को विभिन्न माध्यमों से करीब 20 प्रकार के लाभ दिए जा रहे हैं। इनमें इंसेंटिव, पारी, चारा काटने की मशीन, आकस्मिक मृत्यु पर अनुदान, लैब निर्माण और एंबुलेंस सेवा सहित अन्य सुविधाएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक समिति को तीन गाय और दो भैंस उपलब्ध कराने की योजना है। ये पशु प्रतिदिन 10 से 12 लीटर तक दूध देने में सक्षम होंगे। किसानों की समस्याओं को सचिव के माध्यम से संघ तक पहुंचाने पर उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों से निजी डेयरी के बजाय संघ को दूध उपलब्ध कराने की अपील की।

मिथिला डेयरी समस्तीपुर के अध्यक्ष उमेश राय ने कहा कि सचिवों और किसानों को जल्द ही 15-15 पैसे का इंसेंटिव दिया जाएगा। सुधा दाना के प्रत्येक बैग पर 150 रुपये की सब्सिडी देने की भी जानकारी दी। उन्होंने छह हजार चारा मशीन उपलब्ध कराने की बात कही और किसानों से संघ को दूध देने तथा सचिवों से किसानों के बैंक खातों को ऑनलाइन कराने की अपील की।

समिति के सचिव गोपाल ने दूध का लागत मूल्य बढ़ाकर 50 रुपये प्रति लीटर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा और दूध उत्पादन में वृद्धि हो सकेगी।

कार्यक्रम को दूध शीतक केंद्र रोसड़ा के प्रबंधक डॉ. राजेश सिंह, पथ पर्यवेक्षक हरे राम यादव, निदेशक मंडल के सदस्य राजीव कुमार मिश्रा, बैजनाथ राय, ब्रह्मदेव महतो, विनोद पंडित, दयाशंकर राय सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित किया। प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी, पूर्व प्रमुख निर्मला किशोर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

समारोह के दौरान गायिका आरती ने ‘पशुपालन करि-करि दूध की नदिया बहाएं हो गौवें में’ गीत प्रस्तुत किया, जिस पर उपस्थित लोग झूम उठे। समारोह में बड़ी संख्या में किसान, समिति पदाधिकारी एवं ग्रामीण शामिल हुए।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now