लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। पटेल मैदान पर मंगलवार की सुबह खिलाड़ियों के फर्राटे और तालियों की गूंज के बीच जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता पटेल मैदान, खेल भवन और पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल परिसर में चल रही है।
पटेल मैदान में आयोजित 100 मीटर दौड़ के अंडर-14 बालक वर्ग में तीसवारा के अमन कुमार ने प्रथम, डीएवी के प्रिंस कुमार ने द्वितीय और मनाराटोल के दुर्गेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में पोद्दार इंटरनेशनल की मानसी सिन्हा प्रथम, बेलारी की आरोही द्वितीय और डीएवी की ज्योति कुमारी तृतीय रहीं।
200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में प्रिंस कुमार, आदित्य कुमार और पूसा के गौरव कुमार ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में डीएवी की संध्या कुमारी, गोहा की आस्था भारती और पूसा की लवली कुमारी शीर्ष तीन स्थान पर रहीं।
600 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में यूएस मोदी की प्रीति कुमारी, शादीपुर की ब्यूटी कुमारी और डीएवी की ज्योति कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में सरायरंजन के शुभम कुमार, पटोरी के प्रशांत कुमार और अनमोल कुमार ने क्रमशः प्रथम तीन स्थान प्राप्त किए।
गोला फेंक के अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी की सृष्टि राज ने स्वर्ण, बिरला ओपन की पलक कुमारी ने रजत और नरहन की सोनाक्षी कुमारी ने कांस्य पदक जीता। बालक वर्ग में साकीब अली, शिवाय भट्ट और विकास कुमार ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए। अंडर-17 गोला फेंक में उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम के मो. अल्तमश ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भाला फेंक के बालक वर्ग में हिमांशु कुमार, प्रियांशु राज और रौनक कुमार तथा बालिका वर्ग में प्रीति कुमारी, ब्यूटी कुमारी और ज्योति कुमारी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया।
इंडोर स्टेडियम में हुए बैडमिंटन मुकाबलों में अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी के रवि राज और बालिका वर्ग में पटोरी की श्रेया विजेता बनीं। अंडर-17 वर्ग में ईशांत राज और लकी प्रिया ने खिताब जीता, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग में पोद्दार के आदर्श कुमार विजेता रहे।
वहीं खेल भवन में आयोजित कबड्डी के अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग में संत स्टीफन दलसिंहसराय की टीम ने जीत दर्ज कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि तीनों आयोजन स्थलों पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ी अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। बुधवार को अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चयनित खिलाड़ियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कराने के बाद जिला स्तरीय टीम घोषित की जाएगी, जो प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में समस्तीपुर का प्रतिनिधित्व करेगी।









