लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से तैयार की गई कार्ययोजना, निर्धारित लक्ष्य और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से उनके विभाग की कार्ययोजना और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। शिक्षा विभाग के कार्यक्रम पदाधिकारी शुभम कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सुनीता कुमारी, डीपीएम जीविका विक्रांत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की तैयारियों से अवगत कराया।
30 सितंबर को जिले के आदर्श विद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों का व्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्ययोजना के अनुरूप समयबद्ध तरीके से काम करने को कहा। साथ ही कार्यक्रमों की गुणवत्ता और व्यापक जनभागीदारी पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, डीआरडीए निदेशक आशुतोष आनंद सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों और गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।








