लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जन संवाद के दौरान भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, विद्युत, सड़क, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर मामलों का त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और संवेदनशील बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को जन संवाद में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। जिन मामलों में दूसरे विभाग अथवा उच्चतर स्तर से कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें संबंधित कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, जिला परिवहन पदाधिकारी, राजस्व प्रभारी धर्मराज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।












