लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव में एक लड़की के साथ कथित अभद्र व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो मामले में समस्तीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो का तकनीकी सत्यापन कराया। सत्यापन के आधार पर घटनास्थल की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा स्थित मोरवों जाने वाली सड़क के रूप में की गई। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग प्रतीत हो रही है।
पीड़िता की तत्काल पहचान नहीं हो पाने और घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान पर मुसरीघरारी थाना में कांड संख्या 159/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराएं लगाई गई हैं।
15 माह पुरानी निकली घटना
पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना 14 अगस्त 2025 की है, यानी करीब 15 माह पुरानी है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों की पहचान किए जाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के करीब पांच घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र सहनी, पिता शंकर सहनी, निवासी लाटबसेपुरा, थाना मुसरीघरारी, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
पीड़िता की पहचान उजागर न करने की अपील
समस्तीपुर पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वीडियो या उससे संबंधित ऐसी कोई सामग्री साझा न करें, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर हो या उसे मानसिक अथवा सामाजिक क्षति पहुंचे। पुलिस ने कहा है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है।







