बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के डुमरामा के होनहार अभिजात ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से जिले के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है। इसी वर्ष आईआईटी मुंबई से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक की डिग्री हासिल करने वाले अभिजात वर्तमान में हैदराबाद स्थित अमेरिकी कंपनी क्वालकॉम इंडिया में कार्यरत हैं।
23 अगस्त 2026 को आयोजित आईआईटी मुंबई के दीक्षांत समारोह में अभिजात को एमटेक की डिग्री के साथ उनके चार शोध पत्रों/शोध प्रबंधों के लिए अंडरग्रेजुएट रिसर्च अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इनमें से एक शोध पत्र को आईआईटी मुंबई द्वारा न्यूयॉर्क स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स को भेजा गया था। इसके बाद 13 से 17 सितंबर तक फिनलैंड के टाम्पेरे शहर में इमेज प्रोसेसिंग विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अभिजात को अपने शोध पर व्याख्यान और प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया।
दुनिया के विभिन्न देशों से पहुंचे अनुभवी छात्रों, प्रोफेसरों और रिसर्च स्कॉलर्स के बीच अभिजात के शोध को सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने आईआईटी मुंबई के साथ-साथ बिहार और पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
अभिजात के पिता परिमल कुमार मिश्रा और माता विनीता मिश्रा ने बताया कि अभिजात बचपन से ही मेधावी रहे हैं। उनकी स्कूली शिक्षा भागलपुर स्थित डीएवी स्कूल से हुई। वर्ष 2021 में उन्होंने नई दिल्ली से प्रथम श्रेणी में +2 की परीक्षा उत्तीर्ण की और उसी वर्ष आईआईटी में दाखिला लिया।
अभिजात की इस शानदार अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर उनके नाना अजय कुमार चक्रवर्ती, नानी पूर्णिमा चक्रवर्ती, प्रदीप कुमार चक्रवर्ती, डॉ. पृथ्वीराज चक्रवर्ती सहित समस्त ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
डुमरामा
के लाल अभिजात की यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी मेहनत, प्रतिभा और शोध के प्रति समर्पण ने बांका की प्रतिभा को विश्व मंच पर पहचान दिलाई है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।







