Home / Breaking News / मानसिक स्वास्थ्य की पहचान, समय पर सहयोग और उपचार पर जोर

मानसिक स्वास्थ्य की पहचान, समय पर सहयोग और उपचार पर जोर

चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का ओरिएंटेशन आयोजित, मानसिक स्वास्थ्य माह के पोस्टर का विमोचन

झालावाड़, 19 सितम्बर। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएमएचपी) झालावाड़ के तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत शनिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के एचओडी, वार्डन, सुपरवाइजर, चिकित्सक एवं प्रमुख रिसोर्स पर्सन सहित करीब 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

जिले में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक मानसिक स्वास्थ्य माह अभियान संचालित किया जा रहा है। ओरिएंटेशन कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान, तनाव प्रबंधन तथा मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्तियों को आवश्यक भावनात्मक सहयोग एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया।

‘मन दर्पण’ कार्यक्रम एवं गेटकीपर मॉड्यूल की दी जानकारी

मनोचिकित्सा विभाग के एचओडी एवं मनोचिकित्सक डॉ. शकील अंसारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को ‘मन दर्पण’ कार्यक्रम के विभिन्न मॉड्यूल की जानकारी दी। उन्होंने ‘गेटकीपर मॉड्यूल’ के माध्यम से मानसिक तनाव अथवा परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति की समय रहते पहचान करने तथा उसे आवश्यक सहयोग एवं चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संवेदनशीलता के साथ समय पर संवाद, भावनात्मक सहयोग और उचित उपचार उपलब्ध कराने से गंभीर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों की रोकथाम में मदद मिल सकती है।

मनासिक स्वास्थ्य माह के पोस्टर का विमोचन

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय पोरवाल ने मानसिक स्वास्थ्य माह के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान मेडिकल कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर जरूरतमंद व्यक्तियों को उचित परामर्श एवं उपचार सेवाओं तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इन विषयों पर होंगी जागरूकता गतिविधियां

अभियान के तहत ‘युवा मन एवं मानसिक स्वास्थ्य’, ‘आई सपोर्ट माय फ्रेंड’, ‘गेटकीपर’, ‘एग्जाम स्ट्रेस मैनेजमेंट’ तथा ‘वर्कप्लेस स्ट्रेस मैनेजमेंट’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 10 अक्टूबर को मानसिक स्वास्थ्य माह अभियान का समापन होगा। अभियान के माध्यम से ‘स्वस्थ मन, सशक्त युवा, समृद्ध राजस्थान’ के संदेश को आमजन तक पहुंचाते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, तनाव प्रबंधन को प्रोत्साहित करने तथा मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्तियों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

टेली-मानस हेल्पलाइन से प्राप्त करें मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता

मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता, परामर्श एवं मार्गदर्शन के लिए आमजन टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 अथवा 1800-891-4416 पर संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि गुप्ता ने किया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now