ब्यूरो संजय मिश्रा चित्रकूट
चित्रकूट – जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि जनपद में विद्यालयों के आसपास तंबाकू एवं पान-गुटखा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में संचालित पान-गुटखा एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की दुकानों तथा ठेलों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि जुलाई से सितंबर माह तक की गई कार्रवाई में 360 दुकानो पर लगभग 51,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों के आसपास तंबाकू एवं पान-गुटखा उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों के आसपास प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के आसपास का वातावरण बच्चों के लिए सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।






