लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल संचालन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जिले के सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत एवं सामुदायिक भवनों सहित प्रमुख स्थलों पर संध्या समय दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए जिले के प्रमुख स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें समाहरणालय परिसर, जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा स्थल, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल, सदर अस्पताल, समस्तीपुर रेलवे स्टेशन, एलकेवीडी कॉलेज ताजपुर, सरदारगंज चौक दलसिंहसराय, गांधी चौक रोसड़ा और प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय पटोरी शामिल हैं।
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रमों की हाई डेफिनेशन फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने तथा तस्वीरों और वीडियो को जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए व्हाट्सएप ग्रुप एवं गूगल ड्राइव पर अपलोड करने का निर्देश दिया।
अभियान के दौरान ‘सेवा चित्र’, ‘नुक्कड़ नाटक’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा चित्र’ के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में हुए महत्वपूर्ण बदलावों को चित्रकला, भाषण और प्रदर्शनी के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
वहीं ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं अभिभावकों के साथ संवाद कर सरकारी योजनाओं से मिले लाभों पर चर्चा होगी। ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सभी विभाग पिछले 25 वर्षों में हुए प्रमुख बदलावों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। जबकि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत विभिन्न विभाग निर्धारित गतिविधियों में से किसी एक का चयन कर श्रमदान करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को पूरी कर्तव्यनिष्ठा, बेहतर समन्वय और प्रभावी तरीके से सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।










