जालौन के उरई में AIMIM की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कोंच नगर के बहुजन समाज पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह कुशवाहा ने अपने सैकड़ों समर्थकों और कुशवाहा समाज के लोगों के साथ AIMIM का दामन थाम लिया। उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलने का दावा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता AIMIM जिलाध्यक्ष रईस मलिक ने की, जबकि मुख्य अतिथि बुंदेलखंड उपाध्यक्ष सलमान कादरी मौलाना रहे। कार्यक्रम का संचालन तारिक अनवर रहमानी ने किया। इस दौरान फहीम हसन, एनुअल हसन, मोहम्मद नईम, AIMIM नगर अध्यक्ष कोंच असद खान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बताया गया कि महेंद्र सिंह कुशवाहा करीब तीन वर्षों तक कोंच नगर में बहुजन समाज पार्टी के नगर अध्यक्ष रहे। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी और अपने ऊपर दर्ज कथित झूठे मुकदमों के मामले में पार्टी स्तर से सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पिछले करीब तीन माह से पार्टी के किसी पदाधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली, जबकि उन्होंने पार्टी के लिए लगातार काम किया।
महेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि जब संगठन को उनकी जरूरत थी, तब उन्होंने पूरी निष्ठा से पार्टी के लिए काम किया, लेकिन मुश्किल समय में पार्टी ने उनका साथ नहीं दिया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने बसपा छोड़ने का निर्णय लिया और AIMIM की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम का आयोजन जय हिंद टॉकीज के पास बजरिया स्थित मंसूरी लॉज में किया गया, जहां बड़ी संख्या में AIMIM कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।










