Home / News / समस्तीपुर में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में, राहत-बचाव कार्य तेज

समस्तीपुर में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में, राहत-बचाव कार्य तेज

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

तीन प्रखंडों के 71 गांव प्रभावित, 2.33 लाख से अधिक आबादी बाढ़ की चपेट में; 155 निजी नावों का हो रहा परिचालन

समस्तीपुर। गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण जिले के मोहनपुर, मोहिउद्दीननगर और विद्यापतिनगर प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए लगातार निगरानी की बात कही है।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के तीन प्रखंडों की 26 ग्राम पंचायतों के 71 गांव प्रभावित हैं। बाढ़ से 51,910 परिवारों के 2,33,212 लोग और 7,811 पशु प्रभावित हुए हैं। वहीं, करीब 10,709.78 हेक्टेयर कृषि भूमि भी प्रभावित हुई है। प्रभावित इलाकों में आवागमन के लिए 155 निजी नावों का परिचालन कराया जा रहा है।

44 हजार से अधिक लोगों को कराया गया भोजन

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अब तक 131 सामुदायिक रसोई खोली गई हैं, जिनमें वर्तमान में 25 क्रियाशील हैं। सोमवार को सामुदायिक रसोई के माध्यम से 44,350 लोगों को भोजन कराया गया। अब तक कुल 7,24,463 भोजन वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रभावित परिवारों के बीच अब तक 46,490 पॉलीथीन शीट का वितरण किया गया है।

स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा सेवाएं जारी

स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 22 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। सोमवार को 3,858 लोगों का इलाज किया गया, जबकि अब तक कुल 15,086 लोग स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हुए हैं। बीमारी की रोकथाम के लिए सोमवार को 130 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।

पशु चिकित्सा विभाग द्वारा भी लगातार सेवाएं दी जा रही हैं। सोमवार को 66 पशुओं का उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 3,547 पशुओं का इलाज किया जा चुका है।

प्रशासन अलर्ट, जनहानि नहीं

जिला पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों से विशेष सावधानी बरतने तथा बुखार या दस्त की स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now