लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
सरपंच की पहल के बाद अब अंचल कार्यालय ने राजस्व अधिकारियों को दिया संयुक्त जांच का निर्देश, सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर आगे बढ़ी कार्रवाई
समस्तीपुर/विभूतिपुर। सिंघिया घाट चौक पर लगातार लगने वाले भीषण जाम से लोगों को निजात दिलाने की कवायद अब आगे बढ़ती दिख रही है। जाम की समस्या को लेकर सिंघिया बुजुर्ग उत्तर पंचायत के सरपंच अरविंद कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के बाद अब अंचल कार्यालय, विभूतिपुर ने मामले में स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कराने का निर्देश जारी किया है।
अंचल अधिकारी, विभूतिपुर की ओर से पत्रांक 3453, दिनांक 10 सितंबर 2026 के माध्यम से राजस्व कर्मचारी सुधीर महत्तो और राजस्व अधिकारी कैलाश प्रसाद मंडल को संयुक्त रूप से जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। निर्देश में सरपंच अरविंद कुमार के 15 जून 2026 के आवेदन में वर्णित तथ्यों और जाम से निजात के लिए दिए गए सुझावों की स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कर शीघ्र संयुक्त प्रतिवेदन देने को कहा गया है, ताकि इसके आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।
वैकल्पिक सड़क निर्माण का दिया गया है सुझाव
सरपंच अरविंद कुमार लंबे समय से सिंघिया घाट चौक पर लगने वाले जाम की समस्या को अधिकारियों के समक्ष उठाते रहे हैं। उनके आवेदन में चौक पर प्रतिदिन करीब पांच घंटे तक जाम लगने की बात कही गई है। इसके कारण आम लोगों, मरीजों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यवसायियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सरपंच ने जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंघिया घाट भगवती स्थान, वार्ड संख्या-10 के बांध से होते हुए सिंघिया घाट-बेलसंडीतारा सीमा, भगवती स्थान के समीप से सिवान चौक तक वैकल्पिक सड़क निर्माण का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इस मार्ग के निर्माण से सिंघिया घाट चौक पर वाहनों का दबाव कम किया जा सकता है और जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है।
बीडीओ भी भेज चुके हैं संबंधित विभाग को पत्र
इससे पहले सरपंच की पहल पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, विभूतिपुर ने पत्रांक 1053, दिनांक 1 सितंबर 2026 के माध्यम से कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, रोसड़ा को पत्र भेजकर प्रस्तावित सड़क निर्माण एवं जाम की समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था।
सरपंच की ओर से इस समस्या को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों को आवेदन दिया गया था। अब अंचल कार्यालय द्वारा जांच प्रतिवेदन मांगे जाने से इस मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।
थानाध्यक्ष को भी दी गई सूचना
अंचल कार्यालय द्वारा जारी पत्र की प्रतिलिपि थानाध्यक्ष, विभूतिपुर को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। अब राजस्व अधिकारियों की संयुक्त जांच और उसके बाद आने वाले प्रतिवेदन पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।
सिंघिया घाट चौक पर वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे लोगों की नजर अब इस जांच और प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क निर्माण की दिशा में होने वाली कार्रवाई पर टिकी है। यदि प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाया जाता है तो चौक पर यातायात का दबाव कम होने के साथ हजारों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।







