लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। देश के विकास में युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सकेंगे।
माय भारत की जिला युवा अधिकारी भावना गोयल ने जिले के युवाओं से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें युवाओं को ज्ञान, समसामयिक विषयों की समझ, रचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और नए विचारों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। विशेष रूप से क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी ने युवा संगठनों और शिक्षण संस्थानों से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि समस्तीपुर की अधिकाधिक युवा प्रतिभाएं इस राष्ट्रीय पहल से जुड़ सकें।






