Home / News / बिथान में 318 किलो गांजा बरामद, तीन महिलाएं गिरफ्तार…

बिथान में 318 किलो गांजा बरामद, तीन महिलाएं गिरफ्तार…

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

नारकोटिक्स विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप,

समस्तीपुर। जिले के बिथान थाना क्षेत्र के तेलनी गांव में गुरुवार शाम नारकोटिक्स विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा के बड़े अवैध कारोबार का खुलासा हुआ। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने रामबली महतो के घर पर छापेमारी कर 318 किलो गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना पर पहुंची टीम, तीन घंटे चली तलाशी

बताया गया कि नारकोटिक्स विभाग को तेलनी गांव में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद बिहार राज्य नारकोटिक्स विभाग की टीम ने स्थानीय बिथान पुलिस के सहयोग से गुरुवार शाम रामबली महतो के घर पर धावा बोला। टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के संभावित ठिकानों की सघन तलाशी ली। करीब तीन घंटे की कार्रवाई के बाद भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।

पुरुष सदस्य मौके से फरार

पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही घर के पुरुष सदस्य मौके से फरार हो गए। वहीं, छापेमारी की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ भी जुटने लगी। हालांकि पुलिस बल ने लोगों को कार्रवाई स्थल से दूर रखा और अधिकारियों की मौजूदगी में तलाशी की प्रक्रिया पूरी की।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

छापेमारी के दौरान राज्य नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी, रोसड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार, बिथान बीडीओ बबलू कुमार, सीओ रूबी कुमारी और थानाध्यक्ष राज किशोर राय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि कार्रवाई में कुल 318 किलो गांजा बरामद किया गया है। मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।

तीन करोड़ के गांजे का कनेक्शन खंगाल रही पुलिस

इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाया जाना था। साथ ही अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now