बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार शाहजहांपुर निवासी सर्वेश कुमार शर्मा ने 10 मार्च को थाना बारादरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी प्रियंका देवी का विवाह हरिओम शर्मा उर्फ सुनील कुमार निवासी ग्राम कुंवरपुर बनजरिया, थाना हाफिजगंज से हुआ था। प्रियंका बरेली के मेडिसिटी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थीं।
तहरीर में आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष दो लाख रुपये दहेज की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर प्रियंका के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर प्रियंका ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में थाना बारादरी पर बीएनएस की संबंधित धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बारादरी पुलिस ने 1 सितंबर को ग्राम कुंवरपुर बनजरिया स्थित घर से पति हरिओम शर्मा उर्फ सुनील कुमार, ससुर पोशाकी लाल और सास मीना देवी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
दहेज उत्पीड़न मामले में पति, सास और ससुर गिरफ्तार





