अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
समाज के वरिष्ठजनों का किया गया सम्मान, सर्वसम्मति से संतोष गुप्ता बने अध्यक्ष
बाराद्वार// जिला सक्ती के अंतर्गत बाराद्वार बस्ती में निवासरत केशरवानी/गुप्ता समाज के लोगों को संगठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केशरवानी नगर सभा बाराद्वार बस्ती का गठन किया गया। समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनके संरक्षण, मार्गदर्शन एवं सहयोग से समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
बाराद्वार बस्ती में केशरवानी/गुप्ता समाज के बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं, जिनका मुख्य व्यवसाय व्यापार, व्यवसाय, नौकरी एवं कृषि है। आपसी सामंजस्य की कमी तथा उचित मार्गदर्शन के अभाव में समाज लंबे समय से संगठित स्वरूप में कार्य नहीं कर पा रहा था। इसे देखते हुए प्रदेश स्तर पर प्रयास प्रारंभ किए गए।
छत्तीसगढ़ केशरवानी वैश्य सभा के प्रदेश अध्यक्ष नीलेश गुप्ता एवं महामंत्री राजेश केशरवानी के मार्गदर्शन में, प्रदेश संगठन मंत्री अविनाश केशरवानी की उपस्थिति तथा प्रदेश सूचना एवं प्रसारण मंत्री मूलचन्द गुप्ता चांपा और समाजसेवी मनोज गुप्ता, संतोष गुप्ता, लीलाधर गुप्ता और सभी नगरवासियों के विशेष प्रयासों से नगर सभा बाराद्वार बस्ती का गठन किया गया। इस कार्य में नगर सभा सारागांव के अध्यक्ष कैलाश केशरवानी, उपाध्यक्ष कृष्णकुमार केशरवानी, सचिव साकेत केशरवानी एवं सह सचिव संतोष केशरवानी का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि कश्यप जी की पूजा-अर्चना, आरती एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन मंत्री अविनाश केशरवानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की प्रगति के लिए एकजुटता बेहद आवश्यक है। छोटी-छोटी बातों और नकारात्मक विचारों को नजरअंदाज करते हुए सभी को संगठन की मजबूती के लिए मिल-जुलकर आगे बढ़ना चाहिए। संगठन मजबूत होगा तो बड़े से बड़ा कार्य भी आसानी से पूरा किया जा सकता है।
मूलचन्द गुप्ता ने कहा कि वे इसी गांव की मिट्टी में जन्मे और पले-बढ़े हैं, इसलिए आज का दिन उनके लिए विशेष खुशी और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि देर से ही सही, लेकिन समाज के लोग अब संगठित हो रहे हैं। व्यक्तिगत मतभेदों को दूर रखते हुए समाज की एकता को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने नई कार्यकारिणी एवं समस्त समाजजनों को बधाई दी।
समाजसेवी मनोज गुप्ता ने कहा कि उनका जन्म और पालन-पोषण इसी मिट्टी में हुआ है और उन्हें अपने गांव पर गर्व है। उन्होंने कहा कि बाराद्वार बस्ती के केशरवानी समाज का संगठित होना एक ऐतिहासिक अवसर है।
नगर सभा सारागांव के अध्यक्ष कैलाश केशरवानी ने भी सभी को बधाई देते हुए संगठित होकर सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में कृष्णकुमार केशरवानी, साकेत केशरवानी एवं संतोष केशरवानी (सारागांव) ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा समाज की एकता एवं संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
वरिष्ठजनों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं संरक्षकों खोबनाथ बानी, मनहरण गुप्ता, झंगा प्रसाद गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, वृंदा गुप्ता, वेदराम गुप्ता, भरत गुप्ता का सम्मान साल ,श्रीफल , तिलक लगाकर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों से आग्रह किया गया कि वे अपने अनुभव, संरक्षण एवं मार्गदर्शन से समाज को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान करते रहें। समाज के युवाओं एवं नई कार्यकारिणी ने भी वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में सामाजिक एकता और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
सर्वसम्मति से चुनी गई नई कार्यकारिणी
इसके पश्चात नगर सभा की निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ की गई। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष एवं मंत्री पद के लिए एक-एक नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सभी समाजजनों ने एक स्वर में स्वीकार करते हुए सर्वसम्मति प्रदान की और कार्यकारिणी में अध्यक्ष- संतोष गुप्ता, उपाध्यक्ष-लीलाधर गुप्ता, महामंत्री-रमेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष-नरेंद्र केशरवानी और मंत्री-राज गुप्ता का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के वरिष्ठजनों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे सभी को साथ लेकर समाज की एकता, संगठन एवं सामाजिक विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी को चाय-नाश्ते के लिए आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर जयंत गुप्ता, विष्णु गुप्ता, अनिल गुप्ता, रमेश गुप्ता, लक्ष्मी प्रसाद बानी, सोमनाथ गुप्ता, देव प्रसाद गुप्ता, तुलसी गुप्ता, अशोक गुप्ता, अनिल गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, नीरज गुप्ता, लखन लाल गुप्ता, लक्की गुप्ता, महेश गुप्ता, पवन गुप्ता, दिनेश गुप्ता, कुलदीप केशरवानी, वेद प्रकाश केशरवानी, छत्तूलाल गुप्ता, कलेश्वर प्रसाद बानी, रविकांत केशरवानी, लक्ष्मीकांत केशरवानी सहित केशरवानी समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







