Home / News / अंतिम सोमवारी पर 5 लाख श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, डीएम-एसपी ने थानेश्वर स्थान मंदिर का किया निरीक्षण

अंतिम सोमवारी पर 5 लाख श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, डीएम-एसपी ने थानेश्वर स्थान मंदिर का किया निरीक्षण

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर। श्रावण मास की अंतिम सोमवारी को लेकर थानेश्वर स्थान मंदिर में उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से थानेश्वर स्थान मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित अत्यधिक भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग एवं व्यवस्थित मार्ग सुनिश्चित किए जाएं तथा पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था पहले से पूरी कर ली जाए।

एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और सीसीटीवी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा।

वहीं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंदिर के आसपास जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों एवं यातायात प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने संबंधित विभागों को मंदिर परिसर एवं आसपास विशेष साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अंतिम सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now