सहारनपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ITBP के DIG परमेंद्र सिंह की मौत हो गई। हादसा झबीरण के पास हुआ, जहां देहरादून की ओर से आ रही सरकारी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई और सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी से भिड़ गई।
हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार पांच लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान 48 वर्षीय DIG परमेंद्र सिंह और उनके 46 वर्षीय चालक रविशंकर ने दम तोड़ दिया। सरकारी वाहन में मौजूद गनर जयराम भी घायल हुआ है। दूसरी कार में सवार देवेंद्र कौर और गुरनायक को भी चोटें आई हैं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह क्या रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सरकारी कार के डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी गाड़ी से हुई भिड़ंत ने हादसे को गंभीर बना दिया।





