Home / News / नवाबगंज बीजेपी विधायक के अस्पताल में एक्स-रे मशीन गिरने से बुजुर्ग की मौत, परिजनों का हंगामा

नवाबगंज बीजेपी विधायक के अस्पताल में एक्स-रे मशीन गिरने से बुजुर्ग की मौत, परिजनों का हंगामा

बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में बीजेपी विधायक डॉ. एमपी आर्या के अस्पताल में एक्स-रे कराने के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंचे थे बुजुर्ग
जानकारी के मुताबिक, नवाबगंज क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी 70 वर्षीय मिश्रीलाल को पेट में दर्द की शिकायत थी। परिजन इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने जांच के लिए एक्स-रे कराने की सलाह दी। मंगलवार को मिश्रीलाल को एक्स-रे के लिए ले जाया गया।

परिजनों का आरोप है कि एक्स-रे की प्रक्रिया के दौरान अचानक मशीन असंतुलित होकर मिश्रीलाल के ऊपर गिर गई। वह मशीन के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल स्टाफ ने मशीन हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।

हादसे के बाद अस्पताल में मची अफरा-तफरी
मशीन गिरते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद मरीज और तीमारदार भी सहम गए। अस्पताल स्टाफ ने बुजुर्ग को मशीन के नीचे से निकालने का प्रयास किया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए जवाब मांगा।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
हंगामे की सूचना पर सीओ नीलेश मिश्रा और नवाबगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन और वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने एक्स-रे मशीन और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

विधायक डॉ. एमपी आर्या भी अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलने पर नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्या भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान भाजपा संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने मृतक के परिजनों से बातचीत की। काफी देर तक अस्पताल में परिजनों और प्रबंधन के बीच बातचीत होती रही।

परिजनों ने तहरीर और पोस्टमार्टम से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। हादसे में एक्स-रे मशीन कैसे गिरी और मशीन को संचालित करते समय सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, यह जांच का विषय है। पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now