Home / News / चित्रकूट -तुलसी महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

चित्रकूट -तुलसी महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

ब्यूरो संजय मिश्रा
चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में आगामी 18 एवं 19 अगस्त को आयोजित होने वाले तुलसी महोत्सव की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक में महोत्सव के आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि गोस्वामी तुलसीदास जी हिंदी साहित्य के महान संत कवि एवं श्रीराम के अनन्य भक्त थे। उनका जन्म जनपद चित्रकूट के राजापुर में हुआ था। तुलसी महोत्सव के दौरान रामचरितमानस का पाठ, लोक गायन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाता है।

जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि राजापुर एवं आसपास के विद्यालयों के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को महोत्सव में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कला, पेंटिंग आदि प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल पर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। समिति के सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि कार्य संतोषजनक ढंग से चल रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव से पूर्व सभी कार्यों को पूर्ण कर लिया जाए।

उन्होंने उपजिलाधिकारी/ अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत राजापुर को आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संस्थान के अधिकारियों को महोत्सव के दौरान पर्याप्त पेयजल एवं जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को लटकते विद्युत तारों को व्यवस्थित कराने सहित विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आयोजन समिति के सदस्यों से कहा कि सभी सदस्य नोडल प्रभारी एवं उपजिलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि तुलसी महोत्सव का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अशोक जाटव, अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक पंकज अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) अरुण कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी श्री यामीन अहमद, उपजिलाधिकारी राजापुर सुश्री पूजा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now