Home / News / छेड़छाड़ के आरोपी पुजारी ने थाने में फांसी की लगाकर दी जान….

छेड़छाड़ के आरोपी पुजारी ने थाने में फांसी की लगाकर दी जान….

उत्तर प्रदेश के झांसी से पुलिस हिरासत में एक बुजुर्ग पुजारी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गुरसराय थाना क्षेत्र में छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किए गए पुजारी ने कथित तौर पर थाने के टॉयलेट में फंदा लगाकर जान दे दी. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. झांसी एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

9 साल की बच्ची से छेड़खानी का लगा था आरोप

जानकारी के मुताबिक, गुरसराय थाना क्षेत्र के सिंघार गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी गांव के मंदिर में पूजा-पाठ करते थे. एक ग्रामीण ने पुलिस से शिकायत की थी कि पुजारी ने उसकी 9 साल की बच्ची के साथ छेड़खानी की है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने पुजारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था.

लॉकअप में रखने के बाद टॉयलेट गए थे पुजारी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पुजारी को थाने के लॉकअप में रखा गया था. कुछ देर बाद वह टॉयलेट गए. काफी समय तक बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर देखा तो वह फंदे से लटके मिले. इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें आनन-फानन में झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

परिवार ने कहा- झूठे मामले में फंसाया गया

मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि उनके पिता को आपसी विवाद के चलते झूठे मामले में फंसाया गया था. परिवार का कहना है कि उनके पिता सम्मानित व्यक्ति थे और उन पर लगाए गए आरोप से वह बेहद आहत थे. बेटे ने पुलिस पर भी बिना पर्याप्त जांच के पिता को गिरफ्तार कर लॉकअप में रखने का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस कस्टडी में मौत से उठे सवाल

पुलिस हिरासत में हुई इस मौत के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है. घटना की जानकारी मिलते ही झांसी के एसएसपी मौके पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए. एसएसपी ने कहा है कि घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now