Home / News / बरेली: पूर्व विधानसभा प्रत्याशी समेत 5 पर FIR, जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

बरेली: पूर्व विधानसभा प्रत्याशी समेत 5 पर FIR, जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

बरेली। बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी के मामले में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नसीम अहमद समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता दातागंज थाना क्षेत्र के गांव नेताईपुरवा निवासी धान व्यापारी रामप्रसाद ने आरोप लगाया कि उन्हें एक कंपनी के लिए जमीन उपलब्ध कराने का झांसा देकर आरोपियों ने 11.50 लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिलाया। विश्वास दिलाने के लिए उनके सामने 6 लाख रुपये का चेक और 5.50 लाख रुपये नकद भी दिखाए गए, जिसके बाद उन्होंने रकम दे दी।

रामप्रसाद का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए। जब उन्होंने 28 मार्च 2025 को रुपये वापस मांगे तो उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। उनका यह भी कहना है कि आरोपियों ने केवल 3 लाख रुपये वापस किए, जबकि शेष राशि नहीं लौटाई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाबू मुनीम, गिरी, अजीत, विजय और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नसीम अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, नसीम अहमद ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले ही समझौता हो चुका था और शिकायतकर्ता ने नोटरी स्टांप पर लिखित रूप से स्वीकार किया था कि कोई लेन-देन शेष नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद राजनीतिक विरोधी उन्हें बदनाम करने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज करा रहे हैं तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now