डीएम अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन की एक और बड़ी उपलब्धि।
बाँका जिला प्रशासन ने एक बार फिर सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान कायम की है। बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना द्वारा जारी जून माह की राज्य स्तरीय रैंकिंग में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत बाँका जिला पूरे राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त करने में सफल रहा है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जिले में आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह रैंकिंग शिकायतों के त्वरित निष्पादन, अपीलों के प्रभावी निस्तारण, लंबित मामलों में कमी, नियमित अनुश्रवण तथा प्रशासनिक जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर तैयार की जाती है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बाँका ने एक बार फिर राज्य के अग्रणी जिलों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
इस सफलता का बड़ा श्रेय जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के दूरदर्शी नेतृत्व, कुशल प्रशासनिक क्षमता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को जाता है। उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन ने शिकायत निवारण व्यवस्था को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे आम लोगों के लिए सरल, पारदर्शी, संवेदनशील और परिणाममुखी बनाया है। डीएम स्वयं नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रत्येक स्तर पर कार्यों की निगरानी करते हैं, जिससे अधिकारियों में जवाबदेही बढ़ी है और शिकायतों का तेजी से समाधान सुनिश्चित हो रहा है।
श्री अग्रवाल का स्पष्ट उद्देश्य है कि जिले का कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाए। इसी सोच के अनुरूप सभी विभागों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए लगातार निर्देशित किया जाता रहा है।
इस उपलब्धि में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आईटी प्रबंधक, सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा संबंधित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी और समर्पित कार्यशैली की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग, प्रभावी अनुश्रवण और प्रशासनिक बैठकों के माध्यम से शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाया गया है।
लोक शिकायत निवारण में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करना यह दर्शाता है कि बाँका जिला प्रशासन, जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के नए मानक स्थापित करते हुए नागरिकों का विश्वास लगातार मजबूत कर रहा है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।







