अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//राज्य एवं केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे सहकारी सप्ताह का शुभारंभ रविवार को जिलेभर में उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। जिला कोरबा की सभी 60 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की 8 शाखाओं में एक साथ ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के अंतर्गत नोडल कार्यालय, शाखा कोरबा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ कोरबा के जिला संयोजक श्री ब्रजेन्द्रधर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर माँ भारती के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया और सतरंगे सहकारिता ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सहकारिता गान गाया, ध्वज को सलामी दी तथा सहकारिता के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला कार्यकारिणी सदस्य श्री अमित पटेल, श्री कमलेश प्रधान एवं सदस्य श्री ब्रजेश कुमार यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं बैंक प्रबंधन की ओर से नोडल अधिकारी श्री सुशील कुमार जोशी, सहायक नोडल अधिकारी श्री मुकेश पटेल, शाखा प्रबंधक श्रीमती सरिता पाठक, पर्यवेक्षक श्री जमाल खान, श्री कुशल तिवारी सहित अन्य बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कृषक बंधुओं ने भी भाग लिया। उपस्थित किसानों ने सहकारिता के माध्यम से कृषि विकास, आत्मनिर्भरता और आपसी सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सहकारी सप्ताह के दौरान जिलेभर में विभिन्न जागरूकता, प्रशिक्षण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाना है






