Home / News / बरेली: इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की निष्पक्ष जांच

बरेली: इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की निष्पक्ष जांच

; पोस्टमार्टम कर जुटाए जा रहे साक्ष्य
बरेली। जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए बरेली कैंट पुलिस ने इलाज के दौरान हुई एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला अस्पताल से थाना कोतवाली को मेमो प्राप्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी तरह साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर की जाएगी तथा जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पहचान नन्हेलाल (40) पुत्र चेतराम, निवासी ग्राम चौबारी गोटिया, थाना कैंट, जनपद बरेली के रूप में हुई है। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे और जिला अस्पताल में उपचाराधीन थे, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल से सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए शव का पोस्टमार्टम भी कराया जा रहा है, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
मृतक के भाई देवराज पुत्र चेतराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि नन्हेलाल ने अपनी पैतृक जमीन बेची थी, जिसके बदले छह लाख रुपये उनके बैंक खाते में तथा तीन लाख रुपये नकद मिले थे। आरोप है कि 10 जून 2026 को गांव के राहुल पुत्र राजेन्द्र, राजेन्द्र पुत्र नत्थूलाल तथा अर्जुन पुत्र ओमपाल उर्फ बुता ने नन्हेलाल के साथ शराब पी और उसी दौरान उनके तीन लाख रुपये गायब हो गए।
तहरीर के अनुसार नन्हेलाल लगातार अपने रुपये वापस मांगते रहे, लेकिन आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। परिजनों का कहना है कि इसी वजह से नन्हेलाल गहरे मानसिक तनाव में रहने लगे और अत्यधिक शराब का सेवन करने लगे, जिससे उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजनों ने कहा हैं की संबंधित चौकी प्रभारी से रुपये गायब होने के संबंध में शिकायत की थी की मेरे पैसे दिलवा दीजिए।
शिकायत मिलते ही उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now