Home / News / जनदर्शन तक पहुंची बंसुला पंचायत की शिकायत, कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश

जनदर्शन तक पहुंची बंसुला पंचायत की शिकायत, कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
बंसुला//सीसी रोड, पीडीएस भवन और नाली निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप; पूर्व शिकायतों के बावजूद जांच नहीं होने का आरोप
बम्हनीडीह/जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत बंसुला में कथित भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा पूर्व में कई स्तरों पर शिकायत किए जाने और मीडिया में समाचार प्रकाशित होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर पुनः शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में विधायक निधि से निर्मित सीसी रोड निर्माण कार्य कुछ ही महीनों में उखड़ने लगा है, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इसके अलावा मनरेगा योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे पीडीएस दुकान भवन तथा नाली साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्यों में भी वित्तीय अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायत की गई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूर्व में संबंधित विभागों और अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी गई थीं तथा मामले को मीडिया के माध्यम से भी प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन अब तक न तो किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया और न ही किसी प्रकार की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर बार-बार शिकायत और समाचार प्रकाशन के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? यदि शिकायतें निराधार हैं तो प्रशासन स्पष्ट रूप से जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करे, और यदि आरोप सही हैं तो दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है?
जनदर्शन में दिए गए आवेदन में ग्रामीणों ने सीसी रोड, पीडीएस भवन और नाली निर्माण कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने, माप पुस्तिका (एमबी), भुगतान अभिलेख, मस्टर रोल तथा अन्य दस्तावेजों की जांच करने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो वे आगे उच्च अधिकारियों और शासन स्तर पर भी शिकायत करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का बड़ा सवाल
“जब शिकायतें लगातार हो रही हैं, जनदर्शन में आवेदन दिया जा चुका है और समाचार भी प्रकाशित हो चुके हैं, तो फिर जांच और कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है?”
अब सभी की नजर जिला प्रशासन पर टिकी हुई है कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और क्या ग्रामीणों को उनकी शिकायतों का न्याय मिल पाता है या नहीं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now