राजगढ़ जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। माचलपुर थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने पीड़िता को खेत से जबरन जंगल ले जाकर अपनी हवस का शिकार बनाया और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना 19 जून की सुबह करीब 11 बजे की है। पीड़िता अपने खेत के पास मौजूद थी, तभी गांव का ही रहने वाला एक युवक वहां पहुंचा और उसे जबरन जंगल की ओर खींच ले गया। वहां आरोपी ने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, दरिंदे ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई, तो वह उसे जान से मार देगा।
घटना के बाद से ही पीड़िता सदमे में थी और डर के कारण शुरुआत में शिकायत नहीं कर सकी। लेकिन शुक्रवार की रात, साहस जुटाकर पीड़िता ने माचलपुर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माचलपुर थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। थाना प्रभारी आदित्य सोनी ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर तत्काल एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
रिपोर्ट सऊद खान





