अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
मड़वारानी में नवनिर्मित शाकंभरी माता मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों ने जताया आभार
मड़वारानी//गंगमाली मरार पटेल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने समाज के मंगल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। यह घोषणा मड़वारानी प्रांगण स्थल पर नवनिर्मित शाकंभरी माता मंदिर में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम के अवसर पर की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, वरिष्ठ नागरिक, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक के समक्ष मंगल भवन निर्माण की आवश्यकता बताते हुए मांग रखी कि समाज के लोगों के लिए एक ऐसा भवन हो, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सके तथा समाज के लोग एकत्रित होकर अपने आचार-विचार एवं परंपराओं का आदान-प्रदान कर सकें।
समाज की मांग पर विधायक फूलसिंह राठिया ने तत्परता दिखाते हुए 10 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं सामाजिक विकास के लिए सामुदायिक भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शासन स्तर पर भी समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक की घोषणा से समाजजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। गंगमाली मरार पटेल समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक का पुष्पमाला पहनाकर एवं सम्मानपूर्वक धन्यवाद ज्ञापित किया। समाज के लोगों ने कहा कि विधायक ने उनकी मांग को तत्काल स्वीकार कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता एवं जनहितैषी सोच का परिचय दिया है।
इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मड़वारानी में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम के दौरान गंगमाली मरार पटेल समाज के मंगल भवन हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा करने पर विधायक फूलसिंह राठिया का समाजजनों द्वारा सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए।













