बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने संजयनगर क्षेत्र में युवक अर्जुन की गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार 15 जून की रात संजयनगर निवासी अर्जुन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर अर्पित मौर्य, कपिल और कुश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना बारादरी, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
गुरुवार को डोहरा चौराहे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अर्पित और कुश हारून नगला रोड की ओर से भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अर्पित के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी कुश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में अर्पित ने अर्जुन की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि पुलिस पर फायरिंग में इस्तेमाल किया गया तमंचा वही है जिससे अर्जुन की हत्या की गई थी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट की धाराओं में अलग मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी कुश की तलाश तेज कर दी है।
संजयनगर हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचा बरामद






