Home / News / आकांक्षी जिला कार्यक्रम में बांका का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, देशभर में मिला दूसरा स्थान

आकांक्षी जिला कार्यक्रम में बांका का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, देशभर में मिला दूसरा स्थान

बिहार के बांका जिले ने विकास की नई इबारत लिखते हुए पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। नीति आयोग की आकांक्षी जिला कार्यक्रम की त्रैमासिक डेल्टा रैंकिंग में बांका ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि आधारभूत संरचना सेक्टर में बांका पूरे देश में पहले स्थान पर रहा है।
नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा जारी अक्टूबर से दिसंबर 2025 की त्रैमासिक डेल्टा रैंकिंग में बांका जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, आधारभूत संरचना तथा वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
रैंकिंग में उत्तर प्रदेश का सोनभद्र जिला पहले स्थान पर रहा, जबकि बिहार का बांका जिला दूसरे स्थान पर पहुंचकर राज्य का मान बढ़ाया है।
सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि “आधारभूत संरचना” सेक्टर में बांका ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया। यह जिले में सड़क, बिजली, पेयजल, सार्वजनिक सुविधाओं और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है।
जिला प्रशासन के अनुसार, विभिन्न विभागों के समन्वय, योजनाबद्ध कार्यशैली, जमीनी स्तर पर सतत निगरानी और जनसहभागिता ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला के मार्गदर्शन में सभी विभागीय पदाधिकारियों, कर्मियों, आकांक्षी प्रखंड फेलो तथा NIC बांका की टीम ने आंकड़ों के सत्यापन और समयबद्ध अपलोडिंग का कार्य प्रभावी ढंग से किया, जिससे जिले के प्रदर्शन को मजबूत आधार मिला।
यह उपलब्धि न केवल बांका जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे बिहार के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है कि मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति और समर्पित प्रयासों से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।

Tagged:
[post-views]
Share
Now