Home / Updates / खेत में आग लगने से 70 से अधिक पॉपलर के पेड़ जले, किसान ने लगाया पड़ोसियों पर आरोप

खेत में आग लगने से 70 से अधिक पॉपलर के पेड़ जले, किसान ने लगाया पड़ोसियों पर आरोप

शिकायत करने पर गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग

सहारनपुर । जनपद के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के ग्राम चकवाली में खेत में आग लगने से एक किसान को भारी नुकसान होने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने पड़ोसी खेत मालिकों पर लापरवाही व जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चकवाली निवासी माजिद पुत्र शौकत ने थानाध्यक्ष रामपुर मनिहारान को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 28 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1 बजे गांव के ही फरीद व फिरोज, पुत्रगण हाजी इदरीश, अपने खेत में गेहूं की कटाई मशीन से फसल कटवाने के बाद अवशेष में आग लगा रहे थे। आरोप है कि इसी आग की चपेट में आकर माजिद के खेत में खड़े करीब 75 से 80 पॉपलर के पेड़ जलकर नष्ट हो गए।

पीड़ित का कहना है कि जब उसने इस संबंध में आरोपितों से शिकायत की तो उन्होंने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, आरोप है कि सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपितों ने अपने खेत में ट्रैक्टर चलाकर जुताई भी कर दी।

माजिद ने खुद को छोटा किसान बताते हुए कहा कि इस घटना से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उसने पुलिस से मांग की है कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, नुकसान की भरपाई कराई जाए और उसे सुरक्षा प्रदान की जाए।

इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[post-views]
Share
Now