झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
झालावाड़ जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। झालावाड़–उज्जैन मेगा हाईवे पर दोपहर 1 बजे सुवांस गांव के समीप एक रोडवेज बस से कूदने पर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मांगी बाई गुर्जर (65), पत्नी भंवरलाल गुर्जर, निवासी दांतीयाखेड़ी (सोयत क्षेत्र) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला भूमाड़ा चौराहा से अपने गांव दांतीयाखेड़ी लौट रही थी।
इसी दौरान सुवांस गांव के पास चलते वाहन से अचानक कूद जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रिडकोर मेगा हाईवे की एंबुलेंस एवं पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को रायपुर अस्पताल की पोस्टमार्टम मोर्चरी में पहुंचाया।
फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं है कि महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






