ब्यूरो संजय मिश्रा
-कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे: पुलकित गर्ग
-24 नव प्रवेशित बच्चों का डीएम ने तिलक लगाकर किया स्वागत, बांटी निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें
चित्रकूट, 1 अप्रैल। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार, जनपद में स्कूल चलो अभियान एवं ‘प्रवेशोत्सव’ का औपचारिक शुभारंभ जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा विकासखंड कर्वी के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, कछार पुरवा में दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत एवं सरस्वती वंदना की मनमोहक नृत्य के साथ प्रस्तुति दी गई।
नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम को ‘प्रवेशोत्सव’ के रूप में मनाते हुए जिलाधिकारी ने 24 नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके साथ ही बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर उन्हें नियमित शिक्षा हेतु प्रोत्साहित किया गया।
उपस्थित छात्र/ छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे कोई भी व्यक्ति समाज में सम्मानित स्थान प्राप्त कर सकता है। आज जनपद के विद्यालयों में लगभग 1,20,000 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। हमारी प्राथमिकता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आसमान छू रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बी.के. शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी के संरक्षण में नवीन सत्र का कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल तक प्रथम चरण में सभी बच्चों का नामांकन पूर्ण कर लिया जाएगा। 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलने वाले द्वितीय चरण में केवल छूटे हुए बच्चों पर ध्यान केंद्रित होगा। अभिभावकों से अनुरोध किया गया कि सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से प्रेषित धनराशि का उपयोग बच्चों के जूता-मोजा, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी के लिए ही करें।
कहा कि विद्यालयों को खेल सामग्री हेतु आवंटित ₹5000 का सदुपयोग खेल विकास में करने तथा प्रत्येक विद्यालय में ‘किचन गार्डन’ अनिवार्य रूप से विकसित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास और कक्षा-5 का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने इंटरनेट आधारित एलसीडी के माध्यम से दी जा रही शिक्षा और शिक्षण शेड्यूल की समीक्षा की। ग्राम पंचायत निधि से आंगनबाड़ी केंद्र के सुदृढ़ीकरण (टाइलिंग, रंगाई-पुताई और छत की मरम्मत) के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र विजय और छात्रा पूजा को जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत कर अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा स्रोत के रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कछारपुरवा में वृक्षारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बी.के. शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) शशांक शेखर शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी (कर्वी) अतुल दत्त तिवारी, सभासद शंकर यादव पूर्व प्रधान रमेश कुमार, मौजूदा प्रधान प्रतिनिधि प्रेम नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह के सफल आयोजन में पीएमश्री विद्यालय प्रभारी विद्यासागर सिंह प्रभारी प्रधानाचार्या सुशीला पांडेय रंजना चंदेल गीतांजलि दीपा सरला देवी ममता देवी सोनू गौतम सियाराम सुनीता नीलम मुन्नी रज्जी बाई सविता ऊषा आदि का सराहनीय योगदान रहा । कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ल द्वारा किया गया।






