Home / News / Meerut: कॉलेज गेट पर हंगामा, छात्र पर कमेंट से भड़की प्रेमिका, छात्रा को बेल्ट से पीटा वीडियो वायरल….

Meerut: कॉलेज गेट पर हंगामा, छात्र पर कमेंट से भड़की प्रेमिका, छात्रा को बेल्ट से पीटा वीडियो वायरल….

मेरठ के परतापुर बाईपास इलाके में स्थित एक कॉलेज परिसर में उस समय हंगामा मच गया, जब दो छात्राओं के बीच कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें एक छात्रा दूसरी छात्रा पर बेल्ट से हमला करती नजर आ रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को बीबीए की परीक्षा के लिए कई छात्र-छात्राएं एमआईटी कॉलेज से जुड़े दीवान कॉलेज परिसर में पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉलेज के मुख्य द्वार के पास एक छात्रा द्वारा पास से गुजर रहे एक छात्र पर टिप्पणी किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। छात्र के साथ मौजूद उसकी परिचित छात्रा ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई।

बहस बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छात्रा हाथ में बेल्ट लेकर दूसरी छात्रा को लगातार मार रही है। पीड़ित छात्रा खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागती दिखाई देती है, जबकि हमलावर उसका पीछा कर कई बार बेल्ट से वार करती है। इस दौरान एक छात्र बीच-बचाव की कोशिश करता भी दिख रहा है।

हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल पर मौजूद अन्य छात्र-छात्राएं और सुरक्षा कर्मी हस्तक्षेप करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। बाद में यह वीडियो इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया गया, जिसके बाद मामला सार्वजनिक हुआ।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर दोनों छात्राओं की पहचान की जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:
[post-views]
Share
Now