Home / News / युनुस सरकार का बड़ा एक्शन हिंदू युवक की पीट कर हत्या करने के 07 आरोपियों को किया…..

युनुस सरकार का बड़ा एक्शन हिंदू युवक की पीट कर हत्या करने के 07 आरोपियों को किया…..

बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले के वालुका इलाके में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने विशेष अभियान चलाकर इस जघन्य वारदात से जुड़े सात संदिग्धों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।

सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी तरह की सांप्रदायिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कौन-कौन गिरफ्तार
RAB-14 की कार्रवाई में जिन सात लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें मोहम्मद लिमोन सरकार (19), मोहम्मद तारेक हुसैन, मोहम्मद मणिक मिया (20), इरशाद अली (39), निजुम उद्दीन (20), आलमगीर हुसैन (38) और मोहम्मद मिराज हुसैन अकोन (46) शामिल हैं।

सरकार का कड़ा संदेश
मोहम्मद यूनुस ने कहा कि यह घटना न सिर्फ मानवता के खिलाफ अपराध है, बल्कि समाज में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश भी है। सरकार दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई करेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।
हिंसा पर तीखी निंदा इससे पहले यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने बयान जारी कर कहा था कि “नए बांग्लादेश” में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। सरकार ने स्पष्ट किया कि हिंसा, धमकी, आगजनी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी किसी भी गतिविधि को सख्ती से रोका जाएगा।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, गुरुवार को कथित ईशनिंदा के आरोप में दीपू चंद्र दास पर भीड़ ने हमला किया था। हत्या के बाद उसके शव को आग के हवाले कर दिया गया। मामले ने देश में कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now