Home / Sports / T20 WC India Squad: टीम इंडिया का बड़ा ऐलान, गिल बाहर; ईशान-रिंकू की वापसी से बदली तस्वीर….

T20 WC India Squad: टीम इंडिया का बड़ा ऐलान, गिल बाहर; ईशान-रिंकू की वापसी से बदली तस्वीर….

गत चैंपियन भारतीय टीम अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप में खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। इस बार टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी।

अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सीनियर राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति ने शनिवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया। चयन बैठक बीसीसीआई मुख्यालय में हुई, और यही टीम जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगी।भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीता था।

अब घरेलू परिस्थितियों में होने जा रहे इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। यह टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा और अब तक कोई भी टीम अपने खिताब का सफल बचाव नहीं कर सकी है। ऐसे में भारतीय टीम के पास यह रिकॉर्ड तोड़ने का बड़ा मौका होगा।टीम चयन में सबसे चौंकाने वाला फैसला शुभमन गिल को बाहर करना रहा।

गिल अब तक टी20 टीम के उपकप्तान थे, लेकिन हालिया फॉर्म को देखते हुए उन्हें जगह नहीं मिली। उनकी जगह अक्षर पटेल को एक बार फिर उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अक्षर इससे पहले भी इस भूमिका में रह चुके हैं।टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह की वापसी हुई है।

ईशान किशन लगभग दो साल बाद भारतीय टी20 टीम में लौटे हैं। उन्होंने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में शानदार शतक जड़ा था और पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के बाद यह वापसी उनके लिए अहम मानी जा रही है।

वहीं, रिंकू सिंह को भी लगातार अच्छे घरेलू प्रदर्शन का इनाम मिला है।ईशान की वापसी के चलते जितेश शर्मा को इस बार टीम में जगह नहीं मिल सकी है। चयन समिति ने विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन पर भरोसा जताया है। टीम के एलान के दौरान अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया कि संजू सैमसन ही प्रमुख विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे।शुभमन गिल के बाहर होने के बाद ओपनिंग जोड़ी को लेकर तस्वीर साफ हो गई है।

अब अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत संजू सैमसन करते नजर आ सकते हैं। यह जोड़ी पहले भी सफल रही है और हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी20 में इसका असर दिखा था।बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने यह भी साफ किया कि टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं रखा जाएगा। इसका कारण टूर्नामेंट का भारत में ही आयोजित होना बताया गया है।

इससे पहले 2024 में टीम के साथ ट्रैवलिंग रिजर्व रखे गए थे, लेकिन इस बार ऐसी कोई व्यवस्था नहीं होगी।कुल मिलाकर, अनुभव और युवा जोश का संतुलन लिए भारतीय टीम टी20 विश्व कप में उतरने को तैयार है। अब सबकी निगाहें इस पर होंगी कि क्या सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया इतिहास रच पाती है या नहीं।

Tagged:
[post-views]
Share
Now