वाराणसी के करपात्री धाम आश्रम में एक महिला के साथ शर्मनाक हरकत की घटना सामने आई है। आरोप है कि आश्रम के चार शिष्यों ने महिला के साथ उसके पति के सामने अश्लील हरकतें कीं। महिला के शोर मचाने पर अन्य शिष्यों ने उसे बचाया। घटना 14 अक्टूबर की बताई जा रही है। पीड़ित महिला का पति पहले आश्रम की गोशाला में काम करता था, लेकिन कुछ विवादों के कारण उसे वहां से जाना पड़ा था। बताया गया है कि लौटने पर पुराने झगड़े के चलते शिष्यों ने बदला लेने की कोशिश की।
आश्रम प्रशासन ने चारों आरोपी शिष्यों — राहुल, राज, शुभम और शिवम को आश्रम से निकाल दिया है। महिला का आरोप है कि पुलिस ने आश्रम के दबाव में आरोपियों को जेल नहीं भेजा, सिर्फ चालान कर छोड़ दिया। महिला ने अदालत में बयान देकर रेप की कोशिश का आरोप लगाया है। पुजारी अनिरुद्ध शर्मा का कहना है कि यह मामला पुराने विवाद का नतीजा है, जबकि महंत सर्वेश्वर महाराज का कहना है कि आश्रम में रेप नहीं, सिर्फ मारपीट हुई थी। भेलूपुर पुलिस के एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है और महिला के नए बयान के बाद जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






