देहरादून के बीएफआईटी कॉलेज में बीटेक छात्रा ने की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
देहरादून, 9 अक्टूबर 2025:
देहरादून स्थित बीएफआईटी (BFIT) कॉलेज में पढ़ने वाली बीटेक प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली। मृतका पंजाब के संगरूर जिले की रहने वाली बताई जा रही है। छात्रा कॉलेज परिसर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि जैसे ही घटना की सूचना मिली, पुलिस को तुरंत जानकारी दे दी गई। छात्रा के परिजनों को भी घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।
बीएफआईटी कॉलेज प्रबंधन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हॉस्टल के अन्य छात्रों और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया।






