पटना: बिहार की राजधानी एक बार फिर अपराध की चपेट में आ गई है। राजेंद्र नगर इलाके में शुक्रवार रात जमीन कारोबारी और आरजेडी नेता राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से भाग निकले। गोलियों की बौछार में राजकुमार राय की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं है, लेकिन पुलिस का कहना है कि अपराधियों की तलाश जारी है।
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दहशत में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पटना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती अंदेशा है कि वारदात जमीन विवाद या फिर राजनीतिक रंजिश से जुड़ी हो सकती है।
इससे पहले भी पटना में ऐसी घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। जुलाई 2025 में चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका की उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने एक शूटर और सुपारी देने वाले व्यापारी को गिरफ्तार किया था, जबकि एक आरोपी एनकाउंटर में मारा गया था। उसी महीने रेत कारोबारी रामकांत यादव और वकील जितेंद्र महतो की भी हत्या हुई थी।
सितंबर 2024 में भी राजधानी पटना दहल गई थी, जब बीजेपी नेता श्याम सुंदर शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा की लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।






