बांका: RTE Act 2009 की धारा 12(1)(c) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026–27 में निजी विद्यालयों की 25% आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए प्रथम चरण का ऑनलाइन रैंडमाइजेशन सोमवार को जिला स्तर पर संपन्न कराया गया।
इस संबंध में जिला शिक्षा कार्यालय, बांका में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता डीपीओ (SSA) राजकुमार राजू ने की। बैठक में गुणवत्ता समन्वयक मनोहर सिंह, मृत्युञ्जय कुमार तथा विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रैंडमाइजेशन प्रक्रिया की पारदर्शिता, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी 2026 को अपराह्न 4:00 बजे प्रथम चरण का ऑनलाइन रैंडमाइजेशन संपन्न हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 1755 ऑनलाइन आवेदन मिले थे, जिनमें से 1602 बच्चों का सफलतापूर्वक चयन एवं विद्यालय आवंटन किया गया। शेष आवेदनों को आगामी चरणों में नियमानुसार समायोजित किया जाएगा।
जिला शिक्षा कार्यालय ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न की गई है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे संबंधित पोर्टल पर जाकर अपने बच्चे के चयन की स्थिति जांच लें और समयसीमा के भीतर नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण करें। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।
बांका में RTE के तहत 25% सीटों पर 1602 बच्चों का चयन, प्रथम चरण का रैंडमाइजेशन संपन्न

Tagged:#POLITICS





