Home / News / हिंदी दिवस पर सेठ बद्री प्रसाद स्मृति महाविद्यालय में कार्यक्रम, हिंदी के सम्मान का लिया संकल्प

हिंदी दिवस पर सेठ बद्री प्रसाद स्मृति महाविद्यालय में कार्यक्रम, हिंदी के सम्मान का लिया संकल्प

जालौन के कोंच में हिंदी दिवस के अवसर पर सेठ बद्री प्रसाद स्मृति महाविद्यालय में हिंदी भाषा के महत्व, उपयोगिता और गौरव को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान हिंदी भाषा के प्रति सम्मान बढ़ाने और दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक प्राचार्य बृजेंद्र निरंजन ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार, भावनाओं और राष्ट्रीय पहचान से जुड़ी भाषा है। आधुनिक और डिजिटल युग में अंग्रेजी समेत अन्य भाषाओं का ज्ञान आवश्यक है, लेकिन अपनी मातृभाषा हिंदी के प्रति सम्मान और उसके प्रयोग में कमी नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हिंदी ने देश के अलग-अलग क्षेत्रों और विविध संस्कृतियों के लोगों को आपस में जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। हिंदी की सरलता और व्यापकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे हिंदी को केवल विषय के रूप में न पढ़ें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन, व्यवहार और अभिव्यक्ति का हिस्सा बनाएं।

प्राचार्य ने कहा कि सोशल मीडिया और तकनीक के दौर में हिंदी के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। विद्यार्थी हिंदी का सही और प्रभावी प्रयोग कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी बात बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि “भाषा वही जीवंत रहती है, जिसका प्रयोग नई पीढ़ी गर्व के साथ करती है।”

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हिंदी के इतिहास, साहित्यिक समृद्धि और वर्तमान समय में हिंदी की बढ़ती उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुद्ध एवं प्रभावी हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने हिंदी भाषा के सम्मान, प्रचार-प्रसार और दैनिक जीवन में अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि हिंदी का सम्मान केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति निरंतर जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य बृजेंद्र सिंह निरंजन, फार्मेसी विभाग से डॉ. मनोज पटेल, डॉ. सत्य प्रताप सिंह, टेक्निकल सिद्धकी मैम, उमेश मंसूरी सर, नर्सिंग विभाग से डॉ. आर.डी. सिंह समेत महाविद्यालय परिवार के श्याम पटेल, राघवेंद्र पटेल, मनोज श्रीवास्तव, दिनेश बाबू, अनूप चौधरी, विवेक बाबू और संदीप सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now