दीपक यादव में उत्तर प्रदेश
हमीरपुर। एक के बाद एक गुटबाजी के विवादों से घिरे रहे भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील पाठक को आखिर हटा दिया दिया गया। उनकी जगह अब शकुंतला निषाद को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने बुधवार देर रात कानपुर क्षेत्र की 17 जिला इकाइयों में बाकी बचे चार जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी। इसमें तीन महिलाओं व एक पुरुष को अध्यक्ष बनाया गया है।
पिछले वर्ष नवंबर में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पार्टी ने फरवरी में क्षेत्र की 17 जिला इकाइयों में से 13 में जिलाध्यक्षों की घोषणा की थी। उस समय जालौन, फतेहपुर, झांसी महानगर और हमीरपुर के अध्यक्षों की घोषणा नहीं की गई थी।अब हमीरपुर में सुनील पाठक की जगह शकुंतला निषाद को जिम्मेदारी दी गई है। हमीरपुर के फूलारानी मोहल्ला निवासी नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद वर्ष 2008 से लगातार भाजपा की कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रही है। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष शकुंतला निषाद ने बताया कि पार्टी ने उन्हें जिस जिम्मेदारी को सौपा, उसे बखूबी निभाया है। वह पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम करेंगी। निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील पाठक ने भी नई जिलाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि उनकी पार्टी नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही है। वह आगे भी पार्टी के सच्चे सिपाही बनकर कार्य करेंगे।






