बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। कुछ क्षेत्रों में भी मतदान 5 बजे तक होगा। नालंदा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार ने वोट डालकर एनडीए की जीत का दावा किया। वहीं, पटना में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती ने भी वोट डाला और महागठबंधन की जीत का विश्वास जताया। कई जगहों पर शुरुआती घंटों में ईवीएम खराबी की खबरें आईं, जिन्हें बाद में ठीक कर लिया गया।
सहरसा, छपरा, दरभंगा और गोपालगंज में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर राज्यवासियों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए कहा – “पहले मतदान, फिर जलपान”। गोपालगंज जिले में 18 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डाल रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किये गए हैं और वेबकास्टिंग की जा रही है। मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, कई युवक-युवतियां पहली बार लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






