UP: भाजपा विधायक के गनर ने महिला को मारे सरेआम थप्पड़, एसएसपी से शिकायत….

मेरठ जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र में एक महिला से घर के बाहर सरेआम भाजपा विधायक के गनर ने अभद्रता करते हुए कई थप्पड़ मार दिए। सिपाही अभद्रता करता रहा, लेकिन कोई महिला को बचाने नहीं आया। मारपीट का वीडियो एक युवक ने बना लिया। यह वीडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित महिला ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। बावजूद इसके आरोपी सिपाही के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। पीड़ित महिला ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

राजनगर कॉलोनी में महिला अपने बेटों के साथ रहती हैं। उनके पति आर्मी में हैं और आगरा में तैनात हैं। महिला ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उन्होंने छह वर्ष पूर्व कॉलोनी में मकान बनाया था। उनके सामने का प्लॉट खाली है। यहां वह कपड़े सुखाती हैं। उनके पड़ोस में सहारनपुर निवासी सिपाही परिवार के साथ किराए पर रहता है। सिपाही वर्तमान में भाजपा विधायक का गनर है। वह कालोनी में दबंगई दिखाता है। पीड़ित महिला का आरोप है कि कुछ दिनों से सिपाही खाली प्लॉट के सामने गाड़ी खड़ी कर रहा है। तीन दिन पूर्व महिला प्लॉट में सूख रहे कपड़ों को लेने जा रही थी तो सिपाही ने महिला के साथ गाली गलौज कर दी। महिला ने विरोध किया तो सिपाही ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए कई थप्पड़ जड़ दिए। महिला के बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसी बीच पड़ोस के एक युवक ने सिपाही द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो बना लिया। सोमवार को पीड़ित परिवार एसएसपी प्रभाकर चौधरी से मिला। एसपी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया

Share
Now