महिला कर्मा पार्टी की मनमोहक प्रस्तुति ने मोहा मन, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया आत्मीय स्वागत
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट, सक्ती।
सक्ती, 11 सितंबर 2026। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को अपने सक्ती जिला प्रवास के दौरान हेलिकॉप्टर से जेठा कॉलेज ग्राउंड स्थित हेलीपेड पहुंचे। केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर हेलीपेड परिसर में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत के लिए 50 सदस्यीय श्री सिद्धेश्वरनाथ महिला कर्मा पार्टी द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। महिला दल की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और स्वागत समारोह को विशेष बना दिया।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी सक्ती पहुंचे। हेलीपेड पर दोनों नेताओं के स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पुष्पगुच्छ भेंटकर सक्ती जिला आगमन पर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री के सक्ती आगमन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। हेलीपेड पर स्वागत कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी से कार्यक्रम गरिमामय रहा।











