Home / News / बिटिया@वर्क अभियान के तहत बालिकाओं ने जाना प्रशासन और जनसेवा का कामकाज

बिटिया@वर्क अभियान के तहत बालिकाओं ने जाना प्रशासन और जनसेवा का कामकाज

40 छात्राओं ने कलेक्टोरेट, पुलिस कार्यालय, महिला थाना, सखी वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का किया भ्रमण
जांजगीर-चांपा, 10 सितम्बर 2026। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बिटिया@वर्क अभियान के तहत कक्षा 11वीं एवं 12वीं की बालिकाओं को शासकीय कार्यालयों का एक्सपोजर विजिट कराया गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला (गट्टानी) एवं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की 40 छात्राओं ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं जनसेवा की प्रक्रिया को करीब से जाना।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा उन्हें शासकीय व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसेवा से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। इस दौरान छात्राओं को विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद करने तथा अपने सवालों के जवाब जानने का अवसर भी मिला।
कलेक्टोरेट की कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू
भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी ने छात्राओं को कलेक्टोरेट में संचालित होने वाले विभिन्न कार्यों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। छात्राओं ने कलेक्टोरेट की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर शासकीय कामकाज की प्रक्रिया को समझा।
पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली भी जानी
इसके बाद छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री युलैंडन यार्क ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया गया और उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
बालिकाओं ने महिला थाना एवं परिवार परामर्श केन्द्र जांजगीर का भी अवलोकन किया। यहां उन्हें महिलाओं एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकार, सुरक्षा व्यवस्था तथा परिवार परामर्श की प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
सखी वन स्टॉप सेंटर में मिली महिला सुरक्षा की जानकारी
सखी वन स्टॉप सेंटर एवं नवाबिहान के भ्रमण के दौरान छात्राओं को संकटग्रस्त, हिंसा एवं प्रताड़ना से पीड़ित महिलाओं तथा बालिकाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी गई। इनमें आपातकालीन अस्थाई आश्रय, मनोवैज्ञानिक परामर्श, पुलिस सहायता, विधिक सहायता, चिकित्सकीय सहायता एवं आपातकालीन रेस्क्यू जैसी सुविधाएं शामिल हैं। छात्राओं को 181 महिला हेल्पलाइन के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
किशोर न्याय एवं बाल संरक्षण व्यवस्था को समझा
किशोर न्याय बोर्ड में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ आनंद सोनी ने 18 वर्ष से कम आयु के कानून के दायरे में आने वाले बच्चों के मामलों में अपनाई जाने वाली विधिसम्मत कार्यवाही की जानकारी छात्राओं को दी।
वहीं बाल कल्याण समिति के माध्यम से 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के संरक्षण एवं देखरेख की व्यवस्था से भी छात्राओं को अवगत कराया गया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने जिला बाल संरक्षण इकाई एवं मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत संकटग्रस्त बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता और बाल संरक्षण तंत्र की जानकारी दी।
अधिकारियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
महिला एवं बाल विकास विभाग के भ्रमण के दौरान छात्राओं को विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देने के साथ वर्तमान समय में घटित होने वाले अपराधों से बचाव और सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने, प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने तथा प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं छात्राओं के बीच संवाद भी हुआ। छात्राओं ने विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारों के साथ छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर बिटिया@वर्क अभियान की नोडल एवं सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर की केन्द्र प्रशासक सुश्री एच. निशा खान, संरक्षण अधिकारी एनआईसी जिला बाल संरक्षण इकाई श्रीमती पूजा तिवारी, जिला मिशन समन्वयक महिला सशक्तिकरण केन्द्र श्रीमती श्वेता चतुर्वेदी, जेण्डर विशेषज्ञ महिला सशक्तिकरण केन्द्र श्रीमती ज्योति शर्मा, पैरामेडिकल कार्मिक सुश्री रजनी चंद्रा, पैरालिगल कार्मिक श्रीमती अंजली बंदे सहित शिक्षकगण श्री गजेन्द्र श्रीवास, सुश्री उमा उसेंडी, श्रीमती एम.जी. बरवा एवं श्री आर.के. ताम्रकार उपस्थित रहे।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now