Home / News / मिशन जलोदय के तहत चन्द्रावल नदी के पुनरोद्धार की शुरुआत, प्रभारी मंत्री ने किया भूमि पूजन

मिशन जलोदय के तहत चन्द्रावल नदी के पुनरोद्धार की शुरुआत, प्रभारी मंत्री ने किया भूमि पूजन

(दीपक यादव हमीरपुर उत्तर प्रदेश)

हमीरपुर। जलोदय जल अभियान के अन्तर्गत तहसील मौदहा के ग्राम पंचायत पढ़ोहरी में राज्यमंत्री जलशक्ति व जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद द्वारा जनपद के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चन्द्रावल नदी के पुनरोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी घनश्याम मीना द्वारा मिशन जलोदय की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री के आवाहन तथा ओडीओपी की तर्ज पर एक जनपद में एक नदी का पुनरोद्धार किए जाने का निर्णय लिया गया है। आज से एक वर्ष पूर्व मिशन जलोदय की शुरूआत हुई थी, जिसके अन्तर्गत कई तालाबों, अमृत सरोवरों एवं जल के अन्य स्रोतों को संरक्षित करने की मुहिम छेड़ी गयी। उन्होने बताया कि पिछले एक वर्ष में 5000 से अधिक खेत तालाब खोदे गये, जिससे खेतों का जल स्तर बढ़ा है। नये जियोलॉजिकल डेटा के अनुसार जनपद के भूगर्भ जल स्तर में काफी बृद्धि हुई है जिसके परिणामस्वरूप हमारे जनपद के चार विकासखण्ड क्रिटिकल श्रेणी से बाहर आ गये है। कई फसलों का उत्पादन 1100 प्रतिशत तक बढ़ा है।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह अत्यन्त हर्ष का विषय है कि हमारे जनपद की जीवनदायिनी नदी का पुनरोद्धार हो रहा है। यह ऐतिहासिक नदी जनपद हमीरपुर में 68 किलोमीटर की यात्रा करती है। हमारी सरकार का संकल्प है कि यहॉ की ऐतिहासिक व पौराणिक नदियों को पुनर्जीवित किया जाए। यह जन भागीदारी का अभियान व सरकार का संकल्प जरूर पूर्ण होगा। हमारे देश में नदियो व तालाबों का पौराणिक महत्व हमेशा से रहा है। बुन्देलखण्ड में नदियो व तालाबों के किनारे कई ऐसे स्थल है जो ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े हुए हैं, इनको पर्यटन से जोड़े जाने की आवश्यकता है। कभी चन्द्रावल नदी हमारी आस्था का केन्द्र रही है जो आज बिलुप्त होने के कगार पर है, इसलिए इसका पुनरोद्धार बहुत जरूरी है। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जयन्ती राजपूत, सदर विधायक डा. मनोज कुमार प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुन्तला निषाद, मुख्य विकास अधिकारी अरूण कुमार सिंह, डीसी मनरेगा राघवेन्द्र सिंह सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी, उद्यमी, खनन पट्टाधारक, ग्राम प्रधान, पत्रकार बन्धु, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि व ग्राम पंचायत के अन्य लोग मौजूद रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now