रानीपोखरी के शांतिनगर इलाके में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक पानी की टंकी में एक युवक का शव मिलने की खबर फैली। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से शव को 15 फीट गहरी टंकी से बाहर निकाला और उसे मोर्चरी भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शुभम पाल है उम्र 31 और निवासी नागा घेर, रानीपोखरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभम मंगलवार रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था, जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दे दी गई। खोजबीन के दौरान शुभम के कपड़े शांति नगर की गली नंबर 2 में पानी की टंकी के पास मिले थे। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी की जांच करने पर उसमें शव मिला।
एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर शव को टंकी से बाहर निकाला गया। मौके पर फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन जुटाए। शव को पंचायत नामा कार्रवाई के बाद हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






